संवाददाता : योगेश सिंह, गोड्डा
गोड्डा जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए बलबड्डा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में घोरीचक चौक समेत विभिन्न हाट-बाजारों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में पुलिस बल के जवानों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए आम जनता, वाहन चालकों और खासकर युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति सचेत किया।
अभियान के दौरान लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवरस्पीडिंग से बचने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने बताया कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सभी को नियमों का पालन करना अनिवार्य है।
थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार प्रयासरत है और इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई कि वे खुद भी नियमों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

Post a Comment