संवाददाता : गोड्डा, झारखंड 

गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में पंचायत सचिव की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना पथरगामा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर चढ़ते समय हुई, जब एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी।


मृतक की पहचान साहिबगंज निवासी ललित कुमार झा के रूप में हुई है। वे महागामा प्रखंड क्षेत्र की धर्मोडीह पंचायत के पंचायत सचिव थे। ललित कुमार झा का कुछ ही दिन पहले गोड्डा जिले के पौड्याहाट में तबादला हुआ था और वे प्रभार देने के लिए धर्मोडीह जा रहे थे।


जानकारी के अनुसार, पथरगामा के समीप NH पर चढ़ने के दौरान उनकी स्कूटी कथित तौर पर गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में चली गई। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी जान चली गई। 


पथरगामा थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह ने बताया कि एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार को टक्कर मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को पथरगामा अस्पताल में रखा गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस फरार वाहन की तलाश कर रही है और परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


राहगीरों का कहना है कि नए बने फोर लेन सड़क पर कई जगहों पर सिग्नल सिस्टम नहीं है, जिसके कारण वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। कुछ समय पहले भी बाबूपुर के समीप नेशनल हाईवे पर गलत दिशा में चलने के कारण रजौन निवासी सत्यम कुमार साह की मौत हुई थी। पथरगामा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे गलत दिशा में वाहन न चलाएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post