संवाददाता : गोड्डा, झारखंड 


गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी प्रखंड स्थित सन लाइफ हेल्थ केयर में ऑपरेशन के दौरान मीरा मालतो की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। जिला जन-संपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 06 मई 2026 को हुई इस घटना के बाद प्रशासन ने गंभीरता से जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।


प्रशासन ने इस मामले में सहिया सारा मालतो को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया है। इसके अतिरिक्त, ममता वाहन संचालक के साथ किया गया समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी रद्द कर दिया गया है।


गोड्डा एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित एक टीम ने छापेमारी कर घटना में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सहिया सारा मालतो, डॉक्टर मो. हिमायतुल्ला और अस्पताल के अटेंडेंट मो. अंसारी शामिल हैं। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले में बिना निबंधन संचालित निजी अस्पतालों, क्लीनिकों, नर्सिंग होम, डायग्नोस्टिक सेंटरों, पैथोलॉजी लैब और अल्ट्रासाउंड सेंटरों की सघन जांच के निर्देश दिए हैं। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और थाना प्रभारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आदेश दिया गया है।


उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही, नियमों के उल्लंघन या किसी भी अनियमितता की पुष्टि होने पर संबंधित दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भी आश्वासन दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post