संवाददाता : गोड्डा, झारखंड
गोड्डा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में युवती सारा तिवारी की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना पथरगामा थाना क्षेत्र के अमडीहा ओवरब्रिज पर हुई, जहां रांची से गुवाहाटी जा रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा गई।
इस हादसे में देव तिवारी के एक पुत्री सारा तिवारी की मौत हो गई। जबकि पत्नी रूपा चौधरी और पुत्री चेरी तिवारी को गोड्डा सदर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। जबकि 42 वर्षीय देव तिवारी और 26 वर्षीय ब्यूटी सिंह पति सोनू सिंह को बेहतर इलाज के लिए देवघर एम्स रेफर किया गया है। सोनू सिंह को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायल खेलगांव, रांची के रहने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो राष्ट्रीय राजमार्ग 133 पर गोड्डा से पथरगामा की ओर जा रही थी। अमडीहा ओवरब्रिज के पास वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी का एक टायर फट गया और उसके परखच्चे उड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन तेज रफ्तार में था और चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया। डिवाइडर से टकराने के बाद गाड़ी करीब 35 फीट दूर जाकर एक अन्य डिवाइडर से टकराकर पलट गई। प्रारंभिक जानकारी में यह बात भी सामने आ रही है कि चालक को झपकी आ गई थी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
घटना के बाद मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए और घायलों की मदद में जुट गए। स्थानीय लोगों ने पथरगामा थाना को सूचना दी। थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह के निर्देश पर एएसआई गौतम साह पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और गाड़ी का शीशा तोड़कर सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरगामा पहुंचाया।
इस घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा के दावों पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है, लेकिन सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। पूरे मामले पर पथरगामा थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह ने बताया की गाड़ी में पूरा फैमिली था। रांची से गुवाहाटी जा रहे थे। इसी बीच अमडीहा ओवर ब्रिज पर सड़क दुर्घटना हो गई जहां एक महिला की मौत और चार लोग घायल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा भेजने की तैयारी की जा रही है। और परिजनों की इसकी सूचना दे दी गई है।



Post a Comment