संवाददाता : भागलपुर, बिहार 


बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने भागलपुर जिले में निर्माणाधीन पीरपैंती पावर प्लांट परियोजना का दौरा किया। दौरे का मुख्य उद्देश्य निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेना और निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने की समीक्षा करना था।




मुख्य सचिव ने परियोजना प्रबंधन टीम के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने और आवश्यक सरकारी सहयोग सुनिश्चित करने पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति, आगामी कार्ययोजना और संभावित चुनौतियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।


इस अवसर पर भागलपुर के जिलाधिकारी ने बताया कि बिहार सरकार राज्य में बिजली की कमी को जल्द से जल्द समाप्त करने के लिए गंभीर है। उन्होंने कहा कि अदाणी पावर प्लांट पीरपैंती का निर्माण कार्य समय पर पूरा होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि राज्य को पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि यह परियोजना बिहार की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ क्षेत्र में रोजगार, औद्योगिक विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगी।


मुख्य सचिव का दौरा गार्ड ऑफ ऑनर के साथ शुरू हुआ। इस दौरान राहुल कुमार (प्रबंध निदेशक, बी.एस.पी.जी.सी.एल.), कपिल अशोक शिरसाट (प्रबंध निदेशक, बीएसआरडीसीएल), पंकज कुमार पाल (सचिव, सड़क निर्माण विभाग), डॉ. नवल किशोर चौधरी (जिलाधिकारी, भागलपुर) और प्रमोद कुमार यादव (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों ने पावर प्लांट परिसर में सिंदूर का पौधा भी लगाया।





Post a Comment

Previous Post Next Post