संवाददाता : सुजीत भगत, गोड्डा।

चैत्र नवरात्र की सप्तमी तिथि पर गोड्डा जिले में मां दुर्गा के पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जिले भर में स्थापित भव्य पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।


गोड्डा शहर के साथ-साथ पथरगामा चिहारी पीठ मंदिर, बोआरीजोर प्रखंड के लोहंडिया बाजार, श्री पुर और लीलातरी में भी मां की पूजा-अर्चना की गई। इन सभी स्थानों पर माता के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।




सप्तमी तिथि के दिन बेलभरणी अर्थात (बेलभद्रानी) का आगमन हुआ। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने स्थानीय सरोवर से कलश में जल भरकर और छर्रा देकर ढोल-नगाड़ों के साथ पारंपरिक तरीके से मां का डोला मंदिर प्रांगण तक पहुंचाया। इस दौरान बाल विकास समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल और पेय पदार्थ की व्यवस्था की गई थी।




मां का डोला मंदिर प्रांगण पहुंचते ही पंडित पंकज चतुर्वेदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां का डोला मंदिर में स्थापित कराया। इसके बाद मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना की गई और आम श्रद्धालुओं के लिए मां के पट खोल दिए गए।


पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती गई। भक्तों ने मां की पूजा-अर्चना कर विश्व कल्याण की कामना की। इस दौरान ललमटिया पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर मौजूद रहा।


समिति के अध्यक्ष अमित अवस्थी ने बताया कि सप्तमी तिथि पर मां के पट खुलने के साथ ही पूजा-अर्चना विधिवत शुरू हो गई है। इस अवसर पर सचिव सुजीत तिवारी, उपमुखिया संतोष ठाकुर, जिला परिषद प्रतिनिधि सुजीत साह, पंचायत समिति सदस्य विवेक राज भगत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post