संवाददाता : गोड्डा, झारखंड 


गोड्डा जिले के बोआरीजोर प्रखंड क्षेत्र स्थित लोहंडिया गांव में चैत्र नवरात्र के समापन के बाद एकादशी तिथि पर माता की विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा पूजा समिति के सदस्यों और लोहंडिया ग्रामवासियों के द्वारा आयोजित की गई थी।




शोभायात्रा गांव के पूजा पंडाल से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरी और निर्धारित विसर्जन स्थल बड़ी तालाब तक पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिनमें महिलाएं, पुरुष और युवा भक्त माता के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। इस दौरान पूरे क्षेत्र में श्रद्धा भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। 


शोभायात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे की धुन पर भक्त जमकर थिरकते दिखे। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक माता के गीतों पर नाचते-गाते हुए शोभायात्रा में हिस्सा लिया। कड़कती धूप को देखते हुए कई स्थानों पर शीतल जल की भी व्यस्था की गई थी।


माता के विसर्जन के समय श्रद्धालु भावुक हो गए। उन्होंने नम आंखों से माता को विदाई दी और अगले वर्ष फिर से आगमन की कामना की। "जय माता दी" के जयकारों के बीच माता की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया गया।


पूरे आयोजन के दौरान ललमटिया थाना की पुलिस भी मुस्तैद रही। इससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकी।

Post a Comment

Previous Post Next Post