संवाददाता : भागलपुर, बिहार
भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड परिसर में अदाणी पावर प्लांट की प्रस्तावित रेल कॉरिडोर और सड़क परियोजना के लिए सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन (एसआईए) से संबंधित जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और एसआईए टीम ने रैयतों (भूमि मालिकों) को भूमि अधिग्रहण से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
जनसुनवाई में अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी विक्रम भास्कर झा, बीडीओ अभिमन्यु कुमार, बीएसपीजीसीएल के अधिकारी शशिकांत कुमार व दीपक कुमार, तथा एसआईए रिसर्च संस्थान के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर मसखूर हुसैन उपस्थित रहे। अधिकारियों ने रैयतों को भूमि अधिग्रहण से संबंधित नियम, मुआवजा प्रक्रिया और परियोजना के बारे में विस्तार से बताया।
इस दौरान कई रैयतों ने समिति के समक्ष अपने सवाल और सुझाव रखे। समिति के सदस्यों ने उनके प्रश्नों का यथासंभव जवाब दिया और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।
बताया गया कि पावर प्लांट के लिए प्रस्तावित सड़क और रेल कॉरिडोर निर्माण हेतु लगभग 146 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। इससे कुल 169 रैयतों की भूमि प्रभावित होगी। यह भूमि हरिणकोल, बंधु जयराम, बसंतपुर और नगर पंचायत पीरपैंती क्षेत्र में स्थित है।
जनसुनवाई में हरिणकोल, बसंतपुर, कुंजवन्ना, हीरानंद, बंधुजयराम पंचायत और नगर पंचायत पीरपैंती क्षेत्र के कई रैयत उपस्थित थे। इनमें वीरेंद्र सिंह, मुन्ना सिंह, अजय सिंह, जयंत सिंह, बलवंत सिंह, पंकज सिंह, सोनी सिंह, बमबम सिंह, रत्नेश सिंह, कांतेश कुंवर, बृजकिशोर कुंवर, शिवनारायण कुंवर, इंदु देवी, प्रभु यादव, शिवशंकर यादव, अंकुर कुमार, ब्रजकिशोर, फुलकुमारी देवी, निर्मल शाह, विजय कुमार साह, मो. शरीफ अंसारी, मो. महताब आलम और मो. शमीम प्रमुख थे। हरिणकोल के सरपंच वरुण गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग भी इस अवसर पर मौजूद रहे।


Post a Comment