संवाददाता : भागलपुर, बिहार
भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत हरिनकोल पंचायत के पहाड़िया टोला में अदाणी फाउंडेशन द्वारा जीर्णोद्धार किए गए मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का शुक्रवार को उद्घाटन किया गया। यह केंद्र फाउंडेशन की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत ग्रामीणों को समर्पित किया गया है।
आंगनबाड़ी केंद्र को आकर्षक और सुविधाजनक बनाने के लिए परिसर में टाइल्स और मार्बल का कार्य कराया गया है। बच्चों की शिक्षण गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए दीवारों पर आकर्षक रंग-रोगन किया गया है, जिससे सीखने का माहौल बेहतर बन सके। इसके अतिरिक्त, रसोईघर का निर्माण और मरम्मत भी की गई है। बच्चों को स्कूल बैग, कुर्सियां और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री भी प्रदान की गई है।
अदाणी फाउंडेशन ने पहाड़िया टोला में पेयजल की समस्या के समाधान के लिए दो चापाकलों की स्थापना भी की है। गांव में 12 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, जिससे रात में आवागमन सुगम हुआ है और ग्रामीणों को सुरक्षा व सुविधा मिली है।
उद्घाटन अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने आंगनबाड़ी केंद्र में नामांकित बच्चों से संवाद किया और भविष्य में बेहतर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। स्थानीय आदिवासी समाज के बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। ग्रामीणों ने इस पहल को गांव के समग्र विकास और सामाजिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार, मुखिया दीपक सिंह, थाना प्रभारी नीरज कुमार, किसान चेतना एवं उत्थान समिति के अध्यक्ष श्रवण सिंह और वार्ड सदस्य रिज्जू पहाड़िया सहित अदाणी फाउंडेशन के प्रतिनिधि तथा कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



Post a Comment