संवाददाता : दुमका, झारखंड 


झारखंड के दुमका जिले के आमचुआ गांव में दोहरा हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार की दो महिलाओं की हत्या कर दी। मृतकों की पहचान 70 वर्षीय सोना बास्की और उनकी नातिन सोना मुर्मू के रूप में हुई है।


घटना के समय सोना मुर्मू का पति राजू सोरेन फुटबॉल मैच देखने गया था। सोना बास्की की बेटी और दामाद रिश्तेदारी में गए थे। घर में सोना बास्की, सोना मुर्मू और उनकी 6 महीने की बच्ची थी। हमलावरों ने दोनों महिलाओं की हत्या कर दी, लेकिन बच्ची को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।


सोना मुर्मू के पति राजू सोरेन ने सबसे पहले दोनों महिलाओं के शव देखे। उनके शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सोना बास्की के कोई पुत्र नहीं था। इसलिए उनकी बेटी, दामाद और नातिन सोना मुर्मू उनके साथ रहते थे। सोना मुर्मू की शादी डेढ़ साल पहले काठीकुंड निवासी राजू सोरेन से हुई थी।


शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित लकड़ा ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post