संवाददाता : गोड्डा, झारखंड
झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसा हुआ। महागामा-एकचारी मुख्य मार्ग पर ग्राम शीतल के पास तेजरफ्तार एक टियागो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई।
मृतकों में महागामा ऊर्जा नगर निवासी जोगेंद्र कुमार यादव उम्र 58 वर्ष , उनकी पत्नी बिंदेश्वरी देवी उम्र 53 वर्ष और 48 वर्षीय कौशल्या देवी शामिल हैं। नवरात्रि के पहले दिन कलश स्थापना के लिए कहलगांव की गंगा घाट से जल लेकर लौटते समय यह हादसा हुआ।
सूचना मिलते ही महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद, महागामा और हनवारा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शवों और गाड़ी को खाई से बाहर निकाला गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।
मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। महागामा अनुमंडल पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि महागामा थाना क्षेत्र के शीतला के नजदीक सड़क हादसा में 3 लोगों की मौत हो गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा भेजने की तैयारी की जा रही है। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
Post a Comment