सुजीत कुमार भगत | गोड्डा, झारखंड
गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर स्कूल के तीन छात्र और किड्स प्ले स्कूल एक छात्र लापता हो गए थे। इन सभी को बाद में जमुई रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। ये छात्र लालदेव यादव द्वारा संचालित एक किराए के हॉस्टल में रहते थे।
मंगलवार को ये छात्र हॉस्टल से स्कूल के लिए निकले थे, लेकिन स्कूल न जाकर कहीं और चले गए। जब देर शाम तक छात्र वापस नहीं लौटे, तो स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पोड़ैयाहाट थाना को इसकी सूचना दी।
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर पौड्याहाट के प्रभारी प्रधानाचार्य नारायण प्रसाद यादव ने बताया कि लापता छात्रों की पहचान आलोक कुमार (कक्षा पांचवीं), विवेक कुमार (कक्षा तीसरी) और आयुष कुमार (कक्षा दूसरी) के रूप में हुई है। ये तीनों सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के छात्र हैं। चौथा छात्र अनूप कुमार किड्स प्ले स्कूल का छात्र है। सभी छात्र रामगढ़ थाना क्षेत्र के छोटी रणबहियार गांव के निवासी हैं।
स्कूल के पूर्व प्रधानाचार्य गजाधर सिंह ने बताया कि हॉस्टल और स्कूल के बीच की दूरी लगभग 500 से 600 मीटर की है। छात्रों का इस तरह से गायब हो जाना हॉस्टल प्रबंधन की लापरवाही को दर्शाता है।
थाना प्रभारी महावीर पंडित ने जानकारी दी कि पुलिस को शाम को छात्रों के गायब होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तत्काल जांच शुरू कर दी गई। छात्रों को ढूंढने के लिए स्कूल के प्रधानाचार्य और शिक्षक भी पुलिस के साथ जुट गए थे। बाद में सूचना मिली कि छात्रों को जमुई रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित पाया गया है।
इस घटना ने स्कूल प्रबंधन के साथ-साथ हॉस्टल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर छात्र इतनी दूर तक कैसे पहुंच गए।



Post a Comment