संवाददाता : भागलपुर,बिहार

भागलपुर के सन्हौला में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवती की मौत हो गई, जबकि चार अन्य महिलाएं घायल हो गईं। घटना सन्हौला थाना क्षेत्र के महेशपुर बहियार में हुई।


मृतका की पहचान महेशपुर निवासी नंदलाल महतो की 20 वर्षीय पुत्री क्रांति कुमारी के रूप में हुई है। वह स्नातक की पढ़ाई कर रही थी। घायलों में मनोरमा देवी, शांति कुमारी, सरस्वती कुमारी और पलवा गांव की मोरमा देवी शामिल हैं। मोरमा देवी हटिया करने सन्हौला आ रही थीं। इस दौरान वह आकाशीय बिजली के चपेट में आ गई। 


जानकारी के अनुसार, सभी महिलाएं धान रोपनी के लिए खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान बारिश के बीच जोरदार आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से क्रांति कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई।


सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।


मृतका के परिजनों ने बताया कि क्रांति कुमारी तीन भाई और दो बहनों में से एक थी। उसके दो भाई और पिता पंजाब में मजदूरी करते हैं, जबकि बड़ा भाई घर पर रहता है। उसकी मां भी मजदूरी करती है। क्रांति की दो महीने पहले सगाई हुई थी और अगले साल मार्च में उसकी शादी होनी थी। 


घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने पंजाब में रह रहे पिता और भाइयों को घटना की जानकारी दे दी है। पिता पंजाब से भागलपुर के लिए रवाना हो गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post