संवाददाता : गोड्डा, झारखंड 

झारखंड के गोड्डा जिले में मुहर्रम के मौके पर दो अलग स्थानों पर झड़प की घटनाएं सामने आई हैं। ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र में मालप्रतापपुर और दोगाछी से निकले जुलूस के बीच रास्ते को लेकर विवाद हुआ। दोनों पक्षों में पथराव हुआ, जिसमें कुछ घरों में पत्थर घुसे।


मालप्रतापपुर के मुखिया तनवीर आलम के अनुसार, मालप्रतापपुर गांव के लोग लाठी खेल करते हुए श्रीरामपुर मेले की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दोगाछी का जुलूस भी वहां पहुंच गया। रास्ते को लेकर विवाद के बाद दोनों पक्षों में पत्थरबाजी शुरू हो गई।


महागामा एसडीओ आलोक वरण केसरी और एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने मालप्रतापपुर क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए चार थानों की पुलिस को बुलाया गया। महागामा अनुमंडल पदाधिकारी आलोक वरण केसरी ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन के द्वारा फ्लैग मार्च की जा रही है


दूसरी घटना मेहरमा थाना क्षेत्र में हुई। डोय कर्बला मैदान पर कुमारडीह और हरीपुर गांव के लोगों के बीच विवाद हुआ। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर डंडे और पत्थर चलाए। इस घटना में 6 लोग घायल हुए।



घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहरमा लाया गया। डॉक्टर विवेक कुमार सिन्हा की निगरानी में इलाज किया गया। घायलों में से मोहम्मद रौनक, मोहम्मद उस्मान, पीर मोहम्मद और मोहम्मद रियाज को गंभीर चोटों के कारण गोड्डा सदर अस्पताल रेफर किया गया है। मेहरमा थाना प्रभारी ने बताया कि आपस में खेल के दौरान मारपीट हुआ है। जिनमें से कुछ लोग घायल है। जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।


सुरक्षा व्यवस्था सख्त, लोगों से शांति की अपील

दोनों घटनाओं के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post