संवाददाता : गोड्डा, झारखंड
झारखंड लोक सेवा आयोग ने गुरुवार रात झारखंड सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम जारी किए। इसमें गोड्डा जिले के मेहरमा प्रखंड स्थित गोविंदपुर निवासी साहिल सुमन ने 168वां रैंक हासिल किया है।
साहिल ने अपनी सफलता की यात्रा साझा करते हुए बताया कि उन्होंने 12वीं तक की पढ़ाई सीमावर्ती क्षेत्र पीरपैंती स्थित गौथल्स पब्लिक स्कूल से की। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से 2022 में पॉलिटिकल साइंस से स्नातक पूरा किया। स्नातक के बाद उन्होंने दिल्ली में पिछले तीन सालों से कोचिंग और सेल्फ स्टडी के माध्यम से सिविल सेवा की तैयारी की।
साहिल ने बताया कि यह उनका पहला प्रयास था। उन्होंने झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा और इंटरव्यू दोनों को सफलतापूर्वक पार किया। वर्तमान में वे संघ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा दे चुके हैं और अगस्त में होने वाली मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं।
साहिल के पिता मनोज महतो कृषि कार्य करते हैं और माता गृहिणी हैं। उनके भाई स्थानीय बजाज बाइक शोरूम में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। साहिल की माता ने बताया कि वह बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी था और सिविल सेवा में जाने का सपना रखता था।
साहिल की इस उपलब्धि पर स्थानीय पीरपैंती विधायक ई ललन पासवान, गोड्डा भाजपा एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष आलोक पासवान सहित कई लोगों ने फोन और अन्य माध्यमों से शुभकामनाएं और बधाई दी है।
Post a Comment