संवाददाता : गोड्डा, झारखंड
गोड्डा जिले के हनवारा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हनवारा गांव की 30 वर्षीय रूपा देवी की उसके पति बीरबल भगत ने हत्या कर दी। पति ने पहले तकिया से मुंह दबाकर पत्नी की हत्या की और फिर पंखे में फंदा लगाकर लटका दिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रूपा देवी का कहीं और प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह फोन पर भी बात करती थी। इस बात का पता चलने पर पति-पत्नी के बीच कई महीनों से विवाद चल रहा था। तंग आकर पति ने यह कदम उठाया।
मृतका अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गई है। इनमें 10 वर्षीय माही कुमारी, 8 वर्षीय पूजा कुमारी और 3 वर्षीय कृष्णा कुमार शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही हनवारा थाना प्रभारी राजन कुमार राम अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की। महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आज़ाद भी मौके पर पहुंचे। आरोपी पति को हिरासत में लेकर करीब 1 बजे से 4 - 5 घंटे तक पूछताछ की गई।
थाना प्रभारी राजन राम ने बताया कि मृतिका बांका जिले के पंजवारा की रहने वाली थी। उसकी शादी करीब 13 साल पहले बीरबल भगत से हुई थी। मृतिका के पिता विनोद भगत ने अपने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया था। इसके बाद मामला प्रकाश में आया।
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जिन अन्य लोगों के नाम सामने आएंगे, उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
Post a Comment