संवाददाता : देवघर, झारखंड
देवघर में श्रावणी मेला की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 11 जुलाई से शुरू होने वाले इस मेले की सभी तैयारियां 5 जुलाई तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रशासन कांवरिया पथ पर विशेष व्यवस्था कर रहा है। गंगा का बालू स्टॉक किया जा रहा है, जिसे 1 जुलाई के बाद कांवरिया पथ पर बिछाया जाएगा। सड़कों के गड्डों की मरम्मत और लेबलिंग का काम भी चल रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खिजुरिया गेट से बीएन झा रोड तक पंडाल बनाए जा रहे हैं। पंडित शिवराम झा चौक से तिवारी चौक और बीएड कॉलेज में भी पंडाल निर्माण कार्य जारी है। नंदन पहाड़ रूट पर नाला निर्माण और पेवर ब्लॉक लगाने का काम चल रहा है। शहर की कई सड़कों का कालीकरण भी किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने मेले के सफल संचालन के लिए विभागवार कोषांग का गठन किया है। सिविल सर्जन डॉ युगल किशोर ने चिकित्सा पदाधिकारी और स्वास्थ्य कर्मचारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सभी कर्मचारियों को 3 जुलाई से अपने कार्य की प्रगति रिपोर्ट श्रावणी मेला कोषांग को देनी होगी।
Post a Comment