गोड्डा : उपायुक्त जिशान कमर एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने संविधान दिवस के अवसर पर संयुक्त रूप से रविवार को समाहरणालय भवन के प्रांगण में सभी पदाधिकारियों, अधिकारियों व कर्मियों को राष्ट्र के संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर संविधान के महत्व को रेखांकित करते हुए उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान ने जाति, धर्म, ऊंच नीच से परे सभी को बराबरी का दर्जा दिया है। समाज में वर्षों से चले आ रहे विशेषाधिकारों को समाप्त कर देश के हर नागरिक को अपने सर्वांगीण विकास के लिए सक्षम बनाया है। संविधान में वर्णित सकारात्मक भेदभाव के सिद्धांत ने अपेक्षाकृत पिछड़े लोगों के सशक्तिकरण को सुनिश्चित किया है। 


संविधान ने देश में राजा महाराजाओं के शासन के स्थान पर गणतंत्र की व्यवस्था दी है। कोई भी व्यक्ति अगर चाहे तो अपने परिश्रम के बल पर कोई भी पद पा सकता है। हम सभी का कर्तव्य है कि संविधान के माध्यम से हमें स्वतंत्रता, समानता, आर्थिक, सामाजिक और राजनैतिक न्याय और संप्रभुता आदि अधिकार प्रदान किए गए हैं, उन सभी मूल्यों एवं आदर्शों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। उक्त मौके पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आज का दिन बहुत ही हर्ष एवं उल्लास का दिन है। इस दिन को देश में संविधान दिवस के रूप में मनाते हैं। उन्होंने कहा कि आज का दिन समाज में संविधान के महत्व का प्रसार करने और डॉ० भीमराव अंबेडकर के अमूल्य योगदान और उनके विचारों व आदर्शों का स्मरण करने के साथ उसे आत्मसात करने का दिन है।उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान समता, न्याय व समरसता का प्रतीक है। 


इस अवसर पर उन्होंने बताया कि हमारे संविधान को 26 नवम्बर, 1949 को विधिवत रूप से अपनाया गया था। 26 जनवरी, 1950 को लागू किया गया। हमारे संविधान को बनाने में बाबा साहब अम्बेडकर का बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारी संविधान दिवस पर ली गई शपथ को अपने दायित्व निर्वहन के समय सार्थक करते हुए बिना किसी भेदभाव व निष्पक्ष भाव से कार्य करे। इस अवसर पर उन्होंने सभी से एकता, अखण्डता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने का भी आग्रह किया। 


मौके पर उप विकास आयुक्त, गोड्डा, स्मिता टोप्पो, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, गोड्डा, रितेश जायसवाल, उपनिर्वाचन पदाधिकारी, गोड्डा, धीरज कुमार ठाकुर, कार्यपालक दंडाधिकारी, गोड्डा, मनोज कुमार, कार्यपालक  दंडाधिकारी, गोड्डा, जेसी विनीता केरकेट्टा, कार्यपालक  दंडाधिकारी, गोड्डा, मौनिका बास्की, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, गोड्डा, अविनाश कुमार, समाहरणालय के विभिन्न पदाधिकारीगण, विभिन्न कार्यालयों के कार्यालय प्रधान, समाहरणालय संवर्ग के कर्मी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post