संवाददाता : गोड्डा, झारखंड 


गोड्डा जिले के मेहरमा थाना क्षेत्र स्थित घासीचक गांव में बुधवार देर रात एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत पति किशन रविदास ने अपनी 55 वर्षीय पत्नी रूबी देवी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के लिए सदर अस्पताल गोड्डा ले जाते समय महिला की मौत हो गई।




ग्रामीणों बीरबल दास, महेश उरांव और सुशीला देवी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पिछले दो दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था। बुधवार की रात करीब दो बजे शराब के नशे में धुत किशन रविदास और रूबी देवी के बीच फिर से झगड़ा शुरू हो गया, जिसके बाद पति ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से वार कर दिया।




घटना के समय मृतका के दो पोते, लव और कुश, उनके साथ सो रहे थे। बच्चों ने घटना देखकर अपनी मां को जानकारी दी, जिसके बाद गांव के लोग जमा हो गए। मृतका का एक बेटा है धर्मेंद्र कुमार रविदास जो दिल्ली में काम करता है। स्थानीय लोगों ने घायल महिला को तुरंत सदर अस्पताल गोड्डा भेजा, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।


घटना की सूचना मिलते ही मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।


थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर ने बताया कि आपसी विवाद में नशे में धुत पति ने धारदार हथियार से वार कर पत्नी की हत्या कर दी है। आरोपी पति किशन रविदास घटना के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post