संवाददाता : गोड्डा, झारखंड
गोड्डा जिले के मेहरमा प्रखंड अंतर्गत बलबड्डा थाना क्षेत्र के कुमडीहा गांव में बीती रात आग लगने से एक घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। यह घटना मोस्मात गीता देवी के घर में देर रात करीब 12 बजे हुई। इस अग्निकांड में घर में रखा लाखों रुपये का सामान, अनाज, कपड़े, बर्तन और शादी-विवाह से संबंधित सभी आवश्यक वस्तुएं नष्ट हो गईं।
जानकारी के अनुसार, गीता देवी की बेटी संजू कुमारी की शादी 28 अप्रैल को नयानगर महागामा निवासी लक्ष्मण यादव के बेटे पप्पू यादव से तय थी। परिवार ने शादी के लिए भोज सामग्री, कपड़े और अन्य सभी सामान बड़ी मेहनत से इकट्ठा किया था, जो आग की भेंट चढ़ गया।
पीड़िता गीता देवी ने बताया कि आग लगने के समय पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था। अचानक आग की लपटें देखकर सभी सदस्य घबराकर बाहर भागे। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक घर और उसमें रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। ग्रामीणों के अनुसार, आग लगने का स्पष्ट कारण अभी पता नहीं चल पाया है, हालांकि शॉर्ट सर्किट या किसी चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
इस बड़ी घटना के बावजूद अब तक स्थानीय प्रशासन, अंचल व प्रखंड प्रशासन या किसी जनप्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात नहीं की है। परिवार को न तो कोई सरकारी सहायता मिली है और न ही किसी प्रकार का आश्वासन दिया गया है। ग्रामीणों ने प्रखंड व अंचल प्रशासन तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत और मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। फिलहाल, पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने को मजबूर है और बेटी की शादी को लेकर चिंतित हैं।


Post a Comment