संवाददाता : गोड्डा, झारखंड
अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने गोड्डा पावर प्लांट के दौरे के दौरान कस्तूरबा बालिका विद्यालय की छात्राओं से मुलाकात की। यह मुलाकात प्लांट परिसर में स्थित विद्यालय में हुई, जहाँ उन्होंने बच्चियों से सीधा संवाद किया।
गौतम अदाणी ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पूछा, "बेटा, पढ़ाई ठीक चल रही है? आपको और क्या चाहिए?" बच्चियों ने बताया कि उन्हें अदाणी फाउंडेशन द्वारा मिल रही सुविधाओं से काफी मदद मिल रही है।
छात्राओं ने विद्यालय परिसर में कुछ और सुधारों की आवश्यकता बताई, जिससे उनकी पढ़ाई और बेहतर हो सके। उनकी बातें सुनने के बाद गौतम अदाणी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी जरूरतों पर ध्यान दिया जाएगा और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
कस्तूरबा बालिका विद्यालय उन छात्राओं के लिए शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जिनके पास पहले पढ़ाई के सीमित साधन थे। इनमें से कई छात्राएं गरीब परिवारों से आती हैं या ऐसी परिस्थितियों से, जहाँ शिक्षा जारी रखना चुनौतीपूर्ण होता है। यह विद्यालय उन्हें सुरक्षित माहौल और शिक्षा का अवसर प्रदान करता है।
अपने दौरे के दौरान गौतम अदाणी ने आसपास के गांवों के किसानों से भी मुलाकात की। उन्होंने किसानों से खेती, रोजगार के अवसरों और क्षेत्र में हुए विकास पर चर्चा की। किसानों ने बताया कि क्षेत्र में बड़े प्रोजेक्ट्स के आने से रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं।
गोड्डा का 1600 मेगावाट का पावर प्लांट अदाणी पावर का एक आधुनिक और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। लगभग ₹16,000 करोड़ की लागत से निर्मित यह प्लांट नई अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल तकनीक का उपयोग करता है, जिससे उच्च दक्षता के साथ बिजली उत्पादन होता है और प्रदूषण कम होता है।
गौतम अदाणी ने प्लांट के कंट्रोल रूम और विभिन्न यूनिटों का निरीक्षण किया। उन्होंने इंजीनियरों और कर्मचारियों से उनके काम और अनुभवों के बारे में बात की। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के साथ कैंटीन में बैठकर भोजन भी किया।



Post a Comment