संवाददाता : हजारीबाग, झारखंड
झारखंड के हजारीबाग जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। गोरहर थाना क्षेत्र के पातीतिरी जंगल में सोमवार को अहले सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक करोड़ रुपए का इनामी सेंट्रल कमिटी सदस्य सहदेव सोरेन समेत तीन नक्सली मारे गए।
पातीतिरी का जंगली इलाका बोकारो और गिरिडीह जिलों की सीमा से सटा हुआ है। यहां कोबरा और गिरिडीह व हजारीबाग पुलिस की संयुक्त टीम ने भाकपा माओवादी के नक्सली सहदेव सोरेन के दस्ते के साथ मुठभेड़ की।
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान तीन शव बरामद हुए। इनमें से एक की पहचान एक करोड़ के इनामी नक्सली कमांडर सहदेव सोरेन के रूप में हुई।
ढेर हुए अन्य दो बड़े नक्सली नेता
मुठभेड़ में मारा गया दूसरा नक्सली रघुनाथ हेंब्रम था, जो बिहार-झारखंड विशेष क्षेत्र समिति का सदस्य था। वो भी 25 लाख का इनामी था। वहीं तीसरा नक्सली बीरसेन गंझू उर्फ रामखेलावन था, जो क्षेत्रीय समिति का सदस्य था। उस पर 10 लाख रुपए का इनाम था। तीनों नक्सली लंबे समय से झारखंड और बिहार की सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय थे। तीनों कई बड़ी घटनाओं को अंजाम देने में शामिल रहे थे।
मुठभेड़ के बाद हथियार बरामद, इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एके-47 सहित कई घातक हथियार बरामद किए हैं। हजारीबाग के एसपी अंजनी अंजन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह सुरक्षा बलों के लिए बड़ी उपलब्धि है। सुरक्षाबल अभी भी इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं।
मुठभेड़ में दो सीआरपीएफ के जवान घायल
पुलिस और नक्सली मुठभेड़ में दो सीआरपीएफ के जवान भी घायल हुए हैं. जिन्हें हजारीबाग के एक निजी अस्पताल बेहतर इलाज के लिए लाया गया है.दोनों जवान खतरे से बाहर बताये जा रहे हैं .घायल जवान का नाम अजय भौतिक और सुब्रतो विश्वास. जो 209 कोबरा के जवान है। घायल अजय भौतिक असम का रहने वाला है और सुब्रतो विश्वास बंगाल का रहने वाला है।
Post a Comment