संवाददाता : साहिबगंज, झारखंड 


झारखंड के साहिबगंज जिले के तालझारी थाना क्षेत्र के दुधकोल गांव में जमीनी विवाद ने भयानक रूप ले लिया। बजल हेंब्रम नामक युवक ने धारदार हथियार से अपने पड़ोसी 80 वर्षीय नोहा बेसरा, उनकी बेटी बड़की मुर्मू और दामाद नाथनियल हांसदा की हत्या कर दी।


हत्या के बाद आरोपी ने स्वयं तालझारी थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि नोहा बेसरा का शव घर के दरवाजे पर पड़ा था। बेटी बड़की मुर्मू और दामाद नाथनियल हांसदा के शव घर के बाहर सड़क पर थे।




पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने बताया कि पुलिस वारदात से जुड़ी हर कड़ी को जोड़कर मामले की छानबीन कर रही है।


जानकारी के अनुसार, मृतक नोहा बेसरा का कोई बेटा नहीं था। उनकी बेटी और दामाद करीब आठ साल से उनके घर पर रह रहे थे। हत्यारोपी बजल हेम्ब्रम, नाथनियल हांसदा का दूर का रिश्तेदार भी बताया जा रहा है। घटना के बाद मृतक नाथनियल हांसदा की बहू संतोषिनी किस्कू भी मौके पर पहुंची।




इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग इस निर्मम हत्याकांड से सहमे हुए हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post