गोड्डा : वन स्टॉप सेंटर, गोड्डा में महिलाओं के विरुद्ध हिंसा के रोकथाम एवं नारी सशक्तिकरण को लेकर सोमवार को हितधारकों को जागरूक करते हुए उनका क्षमता वर्धन किया गया। आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर किया गया। संरक्षण पदाधिकारी सह परामर्शदाता विकास चंद्र ने वन स्टॉप सेंटर (सखी) के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना का उद्देश्य एक ही छत के नीचे हिंसा से पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को एकीकृत रूप से सहायता (आपातकालीन एवं गैर आपातकालीन) एवं सहयोग प्रदान करना है जैसे चिकित्सा, पुलिस डेस्क, मनौवैज्ञानिक परामर्श, विधिक, अस्थायी आश्रय आदि। बताया कि महिलाओं के सशक्तिकरण एवं सम्मान के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं चलायी जा रही है, जैसे शिशु देखभाल अवकाश योजना, राज्य विधवा पुनर्विवाह प्रोत्साहन योजना, सर्वजन पेंशन योजना, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, फूलों झानो आशीर्वाद योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, उज्ज्वला योजना, सखी मंडल के माध्यम से जरूरतमंद महिलाओं को ऋण प्रदान करना आदि एवं इन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
महिला पर्यवेक्षिका सह केंद्र प्रशासक रंजीता देवी ने बताया कि घरेलु हिंसा, महिला प्रताड़ना से पीड़ित महिलाओं के लिए वन स्टॉप सेंटर के साथ साथ, महिला थाना, कार्यस्थल पर हिंसा (शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक) से पीड़ित महिलाओं के सहायतार्थ जिला स्तरीय समिति संचालित है। जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी रितेश कुमार ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 एवं किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम 2015 की जानकारी दी और जिला बाल संरक्षण इकाई गोड्डा द्वारा बाल विवाह के रोकथाम व उन्मूलन हेतु चलाये जा रहे अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए सहयोग के लिये अपील किया।
कार्यक्रम के अंत में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी गोड्डा, रीता बेसरा ने सभी महिला पर्यवेक्षिका, सेविका एवं प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने क्षेत्र में लोगों को सरकार के इन कार्यक्रमों एवं योजनाओं की जानकारी दें एवं जरूरतमंद महिलाओं की सहायता के लिए निष्ठापूर्वक अपनी सेवा अर्पित कर महती भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी रीता बेसरा, महिला पर्यवेक्षिका सह केंद्र प्रशासक रंजीता देवी, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी रितेश कुमार, संरक्षण पदाधिकारी सह परामर्शदाता विकास चंद्र, महिला पर्यवेक्षिका- कनकलता, फ्रांसिस्का, कृति, पूनम कुमारी, फूल कुमारी, रीना कुमारी, गायत्री देवी, रंभा कुमारी, उषा किरण, कल्पना रानी, आंगनबाड़ी केंद्र की सेविकाएँ एवं अन्य ने भाग लिया।
Post a Comment