संवाददाता : गोड्डा, झारखंड 


गोड्डा जिले के बोआरीजोर थाना प्रभारी आशीष यादव ने अपने पुलिस दल के साथ क्षेत्र के सुदूर पहाड़ी गांव बड़ा चूरी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान का आश्वासन दिया।




थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को बताया कि किसी भी प्रशासनिक सहायता या किसी भी प्रकार की समस्या, अपराध या आपात स्थिति होने पर लोग तुरंत थाना से संपर्क करें या टोल फ्री आपातकालीन सेवा नंबर 112 पर कॉल कर सूचना दें। 


गांव में हुई बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था और अन्य समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।




ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं और आवश्यकताएं पुलिस के सामने रखीं, जिस पर थाना प्रभारी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी ने गांव के बच्चों से भी मुलाकात की और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय जाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बच्चों के बीच कॉपी और कलम का वितरण किया गया, साथ ही उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में भी बताया गया।


उन्होंने बच्चों से कहा कि शिक्षा ही बेहतर भविष्य की कुंजी है और वे पढ़-लिखकर अपने परिवार, गांव और समाज का नाम रोशन कर सकते हैं। थाना प्रभारी ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान दें।




जागरूकता अभियान के तहत थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को कम उम्र में होने वाली शादियों के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया। उन्होंने लोगों से बाल विवाह रोकने और बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का आग्रह किया, यह बताते हुए कि कम उम्र में विवाह बच्चों के भविष्य को प्रभावित करता है और यह कानूनी अपराध भी है।


इसके अलावा ग्रामीणों को नशामुक्ति का संदेश देते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि शराब और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहना चाहिए। नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता दिखाई देता है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और युवाओं को नशे से दूर रखने की अपील की।


थाना प्रभारी आशीष यादव ने ग्रामीणों को यह भी भरोसा दिलाया कि पुलिस हमेशा उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post